उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
रायगढ़, 9 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना कापू में राष्ट्रीय पोषण माह का समापन किया गया। इस अवसर पर रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया के हाथों परियोजना के 150 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खिलौनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभागीय कर्मचारियों और सेक्टर पर्यवेक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में माताओं और बच्चों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान धरमजयगढ़ जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया, उपाध्यक्ष श्री शिशुपाल गुप्ता, श्री विनय शर्मा, श्री नीरज शर्मा, श्री भरत लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

खेल सामग्री से बच्चों को मिलेगा सीखने का अवसर
जनसहयोग से उपलब्ध कराए गए खिलौने 150 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए वितरित किए गए। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल में सीखने और उनकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी सुश्री सुनीता खलखो ने विभागीय कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार पौष्टिक व्यंजनों का भी प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने हरी पत्तेदार सब्जियों, पौष्टिक आहार और घर-घर मुनगा लगाने के महत्व पर जोर दिया। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पोषणयुक्त भोजन अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीनव राठिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए पोषण संबंधी गतिविधियों को परिवार और समाज तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी एवं विभागीय टीम ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।







