लखनऊ से सुलतानपुर जाते समय हुआ हादसा, राहुल गांधी सुरक्षित; पुलिस ने गंभीर चोट की सूचना से किया इनकार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दौरान एक एंबुलेंस भी टक्कर की चपेट में आ गई। हादसा सुबह करीब 10:15 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है और राहुल गांधी सुरक्षित हैं।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
पुलिस अधिकारी के अनुसार, राहुल गांधी सोमवार सुबह लखनऊ से सुलतानपुर जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काफिले में आगे चल रही एक निजी गाड़ी में अचानक ब्रेक लग गया। इसके बाद पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। बताया गया कि आगे चल रही गाड़ी एक स्थानीय कांग्रेस नेता की थी।
मानहानि मामले की सुनवाई के लिए जा रहे थे सुलतानपुर
राहुल गांधी सुलतानपुर की अदालत में अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के एक मामले की सुनवाई में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद काफिले में शामिल लोगों की सुरक्षा और स्थिति को लेकर जानकारी ली गई।











