चक्रधरनगर के पंडरीपानी में काटपत्ती जुआ खेलते दो आरोपी पकड़ाए, छाल पुलिस ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दी दबिश; एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के दिए निर्देश।
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत चक्रधरनगर और छाल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों में दबिश देकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 48,800 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और ताश की 52-52 पत्तियों की गड्डियां सहित अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पंडरीपानी में काटपत्ती जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार
चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि पंडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के निर्देशन में प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखकर कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए, जबकि मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें प्रवीण कुमार निषाद (37 वर्ष), निवासी चिरजीवीदास नगर और अजय कुमार कुसराम (43 वर्ष), निवासी पंडरीपानी पूर्व शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 24,800 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक पुरानी प्लास्टिक चटाई जब्त की। दोनों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।
छाल में दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 9 आरोपी पकड़ाए
इधर, छाल पुलिस ने ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि 1 और 2 नवंबर की दरमियानी रात सार्वजनिक स्थान पर बिजली की रोशनी में ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे और प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों जुआ फड़ों से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहले जुआ फड़ से पांच आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने मुकेश कुमार साहू (38 वर्ष), दुरबिन लाल यादव (42 वर्ष), सुरेन्द्र कुमार नायक (52 वर्ष), विरेन्द्र उर्फ दामोदर (44 वर्ष) और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकूर (36 वर्ष) को पकड़ा। इनके कब्जे एवं जुआ फड़ से 12,450 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए।
दूसरे जुआ फड़ से चार आरोपी गिरफ्तार: यहां से पंचम सिंह गोंड (39 वर्ष), राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर (35 वर्ष), दीपक पटेल (22 वर्ष) और ललेश चन्द्रा (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे एवं जुआ फड़ से 11,550 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और चार मोबाइल फोन जब्त किए।
छाल पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां सामाजिक और आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देती हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। जिले में कहीं भी जुआ-सट्टा संचालित होने की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इन कार्रवाइयों में चक्रधरनगर पुलिस की ओर से प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे सहित पुलिसकर्मियों तथा छाल पुलिस की ओर से सहायक उप निरीक्षक शिव खरे, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, आरक्षक उमेंद्र उरांव और सतीश जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











