रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारी संगठनों में खुशी का माहौल है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की और सरकार के इस फैसले के लिए उनका आभार जताया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
लंबे समय से की जा रही थी कैशलेस इलाज की मांग
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लंबे समय से प्रमुख मांग रही है। राज्य सरकार की ओर से इसे मंत्रिपरिषद की मंजूरी दिए जाने से लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
इलाज के लिए पहले से पैसे जुटाने की परेशानी होगी कम
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गंभीर बीमारी या अचानक चिकित्सा की जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को अब इलाज के लिए पहले बड़ी रकम जुटाने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की लंबी प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। कैशलेस व्यवस्था लागू होने से जरूरत के समय उपचार कराना आसान होगा और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताया
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय शासकीय सेवकों और उनके आश्रित परिवारों के हित में महत्वपूर्ण पहल है। इससे कर्मचारियों को चिकित्सा संबंधी आर्थिक चिंताओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।











