
तालाब किनारे धधक रही थी अवैध शराब बनाने की भट्ठी, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब बनाने के ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। गोविंदा सबरिया डेरा में तालाब किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण की भट्ठी से 50 लीटर महुआ शराब और 300 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। मौके पर एक चढ़ी हुई भट्ठी भी जब्त की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री योगेश्वर कुमार द्विवेदी के विशेष मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा यह कार्रवाई 6 नवंबर 2026 को की गई।
कार्रवाई के दौरान गोविंदा सबरिया डेरा में तालाब किनारे अवैध रूप से महुआ शराब बनाने का कारोबार संचालित पाया गया। विभागीय टीम ने मौके से 50 लीटर महुआ शराब, 300 किलोग्राम महुआ लाहन एवं एक चढ़ी हुई भट्ठी बरामद की। मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) एवं 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में आबकारी वृत्त चांपा प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार साहू, आबकारी आरक्षक किशन शराफ, आकाश मानी, शीतला कौशिक, नगर सैनिक नरेंद्र कमल एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।











