केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएगी। इस साल 10वीं और 12वीं को मिलाकर करीब 46.30 लाख विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले डेटशीट जारी की है।
10वीं में 26.50 लाख और 12वीं में 19.80 लाख छात्र देंगे परीक्षा
सीबीएसई के 6 नवंबर के नोटिफिकेशन के मुताबिक, कक्षा 10वीं में लगभग 26.50 लाख विद्यार्थी 83 विषयों की परीक्षा देंगे। वहीं, कक्षा 12वीं में करीब 19.80 लाख विद्यार्थी 121 विषयों में शामिल होंगे। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा है।
40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखकर बनी डेटशीट
बोर्ड ने बताया कि परीक्षा की तारीखें निर्धारित करने से पहले 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों पर विचार किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि किसी विद्यार्थी द्वारा चुने गए किन्हीं दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न पड़ें। स्कूलों की ओर से उम्मीदवारों की सूची (LOC) जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विषयों का अंतिम डेटा उपलब्ध हुआ, जिसके आधार पर परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।
प्रवेश परीक्षाओं और परीक्षा केंद्रों का भी रखा गया ध्यान
सीबीएसई ने डेटशीट तैयार करते समय प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों को भी ध्यान में रखा है। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या और आमतौर पर एक साथ चुने जाने वाले विषयों के बीच पर्याप्त अंतर रखने की व्यवस्था की गई है।
मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
बोर्ड के अनुसार, परीक्षा कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया है कि मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को लंबे समय तक स्कूल से दूर न रहना पड़े। साथ ही परीक्षा संचालन को सुचारू बनाने के लिए विषयों के बीच उचित अंतर रखा गया है। इससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलने की उम्मीद है।











