रायपुर। डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के शिकंजे में आई GST विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी पर अब विभागीय कार्रवाई भी हो गई है। राज्य कर आयुक्त ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कांकेर में पदस्थ अंचला गिरी को रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त ACB टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, एक कबाड़ कारोबारी ने GST असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत ACB से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ब्यूरो ने कार्रवाई की योजना बनाई और तय रकम के साथ जाल बिछाया।
गाड़ी छोड़ने के बदले मांगे थे डेढ़ लाख
आरोप है कि कारोबारी की स्क्रैप से लदी गाड़ी छोड़ने और मामले को निपटाने के एवज में अधिकारी ने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। तय योजना के तहत ACB की संयुक्त टीम ने कांकेर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में कार्रवाई करते हुए अंचला गिरी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
रकम पहुंचाने वाला इमरान मेमन भी आरोपी
इस मामले में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले सहयोगी इमरान मेमन को भी आरोपी बनाया गया है। ACB ने कार्रवाई के दौरान उसे भी गिरफ्तार किया। अब गिरफ्तारी के बाद राज्य कर आयुक्त ने अंचला गिरी को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।











