रिपोर्ट ~ हीरालाल राठिया लैलूंगा

रायगढ़, 7 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत रायगढ़ जिले के पुसौर जनपद के ग्राम ओरदा में आयोजित समाधान शिविर में डिजिटल पारदर्शिता की अनूठी पहल देखने को मिली। शिविर के दौरान क्लस्टर की सभी 22 पंचायतों के “पंचायत दर्पण” क्यूआर कोड का प्रदर्शन किया गया, जिसने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे सहित, जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी इसका अवलोकन किया।
शिविर में उपस्थित जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष, कलेक्टर रायगढ़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायगढ़ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर पंचायतों की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और मनरेगा संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस डिजिटल पहल के माध्यम से पंचायत स्तर पर संचालित गतिविधियों की जानकारी कुछ ही क्षणों में उपलब्ध होने लगी, जिससे लोगों में उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीणों ने भी उत्सुकता के साथ क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी पंचायतों की जानकारी देखी। पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत करने वाला नवाचार बताया। विशेष रूप से मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में इसे प्रभावी कदम माना गया।
अधिकारियों ने कहा कि “पंचायत दर्पण” जैसी पहल से आम नागरिकों को योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी, जिससे शासन की पारदर्शिता और जवाबदेही और अधिक मजबूत होगी। सुशासन तिहार के दौरान इस अभिनव पहल की सभी ने सराहना की और इसे अन्य पंचायतों में भी लागू करने की आवश्यकता बताई।







