राज्योत्सव में लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव, किसी के 6 हजार रुपये तक आने वाले बिल में हुई कमी तो किसी ने बिजली खर्च में 50 प्रतिशत बचत की बताई।
रायगढ़। घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने से अब परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने लगी है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सौर ऊर्जा से बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। जिला मुख्यालय स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित एक दिवसीय समारोह में लाभार्थियों ने योजना से मिले फायदे बताए।
पहले 6 हजार रुपये तक आता था बिजली बिल
रायगढ़ निवासी सोनिया तामस्कर ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल लगभग 6 हजार रुपये तक आता था। घर में सोलर पैनल लगवाने के बाद अब बिजली बिल में कमी आई है, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिल रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी की राशि भी उन्हें लगभग 15 दिनों के भीतर प्राप्त हो गई थी।
3 किलोवाट सोलर पैनल से बिजली खर्च में 50 प्रतिशत की कमी
चक्रधर नगर निवासी पुष्पा महंत ने बताया कि उन्होंने अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया है। इसके बाद उनके बिजली बिल में लगभग 50 प्रतिशत की कमी आई है। अब वे एक और 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाने की योजना बना रही हैं।
पुष्पा ने बताया कि मोबाइल के माध्यम से सोलर पैनल से उत्पादित बिजली और घर में होने वाली बिजली खपत की जानकारी भी आसानी से मिल जाती है। इससे बिजली उत्पादन और उपयोग पर नजर रखना सुविधाजनक हो गया है।
हितग्राहियों ने जताया आभार
दोनों हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजना को बिजली खर्च कम करने में उपयोगी बताया। उनके अनुसार, घरों में सोलर पैनल लगने से बिजली बिल का बोझ कम हुआ है और परिवारों को आर्थिक बचत का लाभ मिल रहा है।











