ग्राम महापल्ली की रश्मि कुशवाहा को मिली आर्थिक सहायता, शिक्षा जारी रखने में मिलेगी मदद; निर्माण श्रमिकों की बेटियों को शासन देता है एकमुश्त 20 हजार रुपये।
रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से हितग्राहियों के जीवन में आ रहे बदलाव की झलक देखने को मिली। जिला मुख्यालय स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित समारोह में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। इसी दौरान ग्राम महापल्ली की रश्मि कुशवाहा ने बताया कि मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत मिली 20 हजार रुपये की राशि से उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।
पढ़ाई के लिए खर्च करेंगी सहायता राशि
श्रम विभाग के स्टॉल पर पहुंचीं रश्मि कुशवाहा ने बताया कि उन्हें नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। इस राशि का उपयोग वे अपनी शिक्षा के लिए करेंगी।
रश्मि ने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से पढ़ाई जारी रखने में सहारा मिलेगा और वे अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।
निर्माण श्रमिकों की बेटियों को मिलती है 20 हजार रुपये की सहायता
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के माध्यम से मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और विवाह के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत पात्र श्रमिक परिवारों की बेटियों को एकमुश्त 20 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे हितग्राही बेटी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाती है।
योजना का लाभ लेने के लिए ये हैं जरूरी शर्तें
योजना का लाभ लेने के लिए माता-पिता में से कम से कम एक का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक होना आवश्यक है। पंजीयन की अवधि कम से कम एक वर्ष होनी चाहिए। इसके साथ ही आवेदन से पहले के एक वर्ष में संबंधित श्रमिक ने कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया हो।











