सही तकनीक से इनहेलर का इस्तेमाल करना जरूरी, लक्षणों में सुधार होने पर दवा बंद करना और रेस्क्यू इनहेलर का ज्यादा उपयोग पड़ सकता है भारी
क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) फेफड़ों से जुड़ी एक गंभीर और लंबे समय तक रहने वाली बीमारी है। इसमें मरीजों को सीने में जकड़न, सांस फूलने और लगातार खांसी जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मरीजों के लिए इनहेलर इलाज का अहम हिस्सा होता है। हालांकि, कई बार अनजाने में की गई गलतियां दवा का असर कम कर सकती हैं और बीमारी की स्थिति बिगाड़ सकती हैं।
1. इनहेलर इस्तेमाल करने का गलत तरीका
सीओपीडी के मरीजों में सबसे आम गलती इनहेलर का सही तकनीक से इस्तेमाल न करना है। कई मरीज दवा रिलीज करने और सांस लेने के बीच सही तालमेल नहीं बना पाते या निर्धारित तरीके से गहरी सांस नहीं लेते। इससे दवा फेफड़ों तक पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाती। इसलिए मरीजों को डॉक्टर से इनहेलर इस्तेमाल करने की सही तकनीक सीखनी चाहिए और समय-समय पर इसकी जांच करवानी चाहिए।
2. बेहतर महसूस होने पर खुद ही दवा बंद करना
कुछ मरीज तबीयत में सुधार होने पर इनहेलर का इस्तेमाल बंद कर देते हैं। यह लापरवाही नुकसानदायक हो सकती है। सीओपीडी एक क्रॉनिक और प्रोग्रेसिव बीमारी है। ऐसे में लक्षणों में कमी आने का मतलब यह नहीं है कि बीमारी पूरी तरह ठीक हो गई है। डॉक्टर की सलाह के बिना दवा बंद करने या उसकी खुराक घटाने से लक्षण दोबारा गंभीर हो सकते हैं और अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आ सकती है।
3. नियमित जांच और फॉलो-अप को नजरअंदाज करना
कई मरीज यह मान लेते हैं कि नियमित इनहेलर इस्तेमाल करना ही पर्याप्त है और डॉक्टर से फॉलो-अप की जरूरत नहीं है। जबकि सीओपीडी के मरीजों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और लंग फंक्शन टेस्ट भी महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा, डॉक्टर की सलाह के अनुसार वैक्सीनेशन, पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन और जीवनशैली में जरूरी बदलाव करना भी बीमारी को नियंत्रित रखने में मददगार होता है।
4. धूम्रपान और प्रदूषण से दूरी नहीं बनाना
सीओपीडी के मरीजों के लिए धूम्रपान बेहद नुकसानदायक है। इनहेलर का इस्तेमाल करने के बावजूद अगर मरीज सिगरेट पीना जारी रखता है या दूसरों के धुएं के संपर्क में रहता है, तो फेफड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा धूल, धुआं और वायु प्रदूषण से भी बचना जरूरी है, ताकि सांस संबंधी परेशानियां न बढ़ें।
5. रेस्क्यू इनहेलर का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल
सांस फूलने पर बार-बार रेस्क्यू इनहेलर का इस्तेमाल करना भी गंभीर संकेत हो सकता है। इसकी बढ़ती जरूरत इस बात की ओर इशारा कर सकती है कि सीओपीडी के लक्षण ठीक से नियंत्रित नहीं हैं या बीमारी बिगड़ रही है। ऐसी स्थिति में केवल इनहेलर का इस्तेमाल बढ़ाने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, ताकि इलाज की समीक्षा की जा सके।
इन बातों का रखें ध्यान
सीओपीडी के मरीजों को डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं और उनकी खुराक का पालन करना चाहिए। इनहेलर की सही तकनीक सीखने, नियमित जांच कराने और धूम्रपान व प्रदूषण से बचने से बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। सांस लेने में अचानक ज्यादा परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।











