वाका-वाका क्लब में फोटो खिंचवाने के दौरान गिलास टूटने से शुरू हुआ विवाद, राहुल और हिमांशु को गंभीर चोटें; अस्पताल में भर्ती
फोटो खिंचवाने के दौरान शुरू हुआ विवाद
गुरुग्राम के ब्रिस्टल होटल स्थित वाका-वाका नाइट क्लब में पार्टी करने पहुंचे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और उनके दोस्तों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फोटो खिंचवाने के दौरान स्केटर राहुल के हाथ से शीशे का गिलास टूट गया। इसके बाद क्लब के स्टाफ और बाउंसरों के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर तीन युवकों पर हमला
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद क्लब के बाउंसरों ने राहुल, हिमांशु और उनके दोस्त अंशुल के साथ मारपीट की। इस घटना में राहुल और हिमांशु को गंभीर चोटें आईं, जबकि अंशुल की आंख पर भी चोट लगी है।
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद तीनों घायलों को सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार और टांके लगाने के बाद उन्हें पालम विहार स्थित पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
फिलहाल इस मामले में पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर सकती है।











