गृह ग्राम छर्राटांगर में सांसद ने ग्रामीणों के साथ किया श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का दिया संदेश
रायगढ़। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने अपने गृह ग्राम छर्राटांगर में आयोजित स्वच्छता अभियान में ग्रामीणों के साथ श्रमदान किया। इस दौरान सांसद ने स्वयं फावड़ा उठाकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई में भाग लिया और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
ग्रामीणों के साथ किया श्रमदान
सांसद राठिया ने ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के साथ गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की।
सांसद ने कहा कि स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से घरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और जलस्रोतों को भी साफ रखने की अपील की।
स्वच्छ और सुंदर गांव के लिए सामूहिक भागीदारी पर जोर
सांसद राठिया ने कहा कि जब गांव का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आएगा, तभी स्वच्छ और सुंदर गांव का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए स्वच्छता को लेकर निरंतर जागरूकता और सहभागिता की आवश्यकता बताई।
ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
स्वच्छता अभियान में ग्राम पंचायत छर्राटांगर की सरपंच भगवती राठिया, घनश्याम राठिया, श्रीकांत राठिया, मुकेश राठिया, कुन्दन राठिया, रामलाल राठिया, श्री राम राठिया, राम चरण राठिया, छेदू राम राठिया, जोबी मंडल अध्यक्ष कल्प राम राठिया, शौकी लाल राठिया, शोभा लाल राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने सार्वजनिक स्थलों की सफाई में सहयोग किया। कार्यक्रम के माध्यम से गांव में स्वच्छता को लेकर सामूहिक भागीदारी और जागरूकता का संदेश दिया गया।






