राजापारा के भवानी शंकर षडंगी हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया जागरूकता कार्यक्रम, व्यक्तिगत स्वच्छता और एचपीवी वैक्सीन की दी जानकारी
रायगढ़, 1 अक्टूबर 2026। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से भवानी शंकर षडंगी हायर सेकेंडरी स्कूल, राजापारा में स्वच्छता एवं माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा छठवीं से दसवीं तक की 53 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान बालिकाओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों, व्यक्तिगत स्वच्छता और माहवारी के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।
माहवारी को लेकर झिझक और गलत धारणाओं से बचने की दी सलाह
जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि किशोरावस्था में माहवारी शुरू होना शरीर में होने वाला एक सामान्य शारीरिक परिवर्तन है। इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। बालिकाओं को माहवारी से जुड़ी झिझक और गलत धारणाओं से दूर रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में माता-पिता, शिक्षक या स्वास्थ्यकर्मी से खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया गया।
सेनेटरी पैड के सही इस्तेमाल और निपटान की जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को सेनेटरी पैड के सही उपयोग, समय पर पैड बदलने, हाथों की स्वच्छता और इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निपटान के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा नियमित रूप से हाथ धोने, शरीर एवं कपड़ों की साफ-सफाई रखने और स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करने के महत्व को भी समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी 53 छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
एचपीवी वैक्सीन के महत्व की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी साझा करते हुए नियमित रूप से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या और शिक्षिकाएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पूनम पाण्डेय एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।






