15 और 16 नवंबर को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने दी दबिश, गोदामों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच
धान खरीदी शुरू होते ही बढ़ी निगरानी
धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। खरीदी केंद्रों में बाहरी धान खपाए जाने की आशंका को देखते हुए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और परिवहन मार्गों पर लगातार जांच कर रही हैं।
15 और 16 नवंबर को जिले के अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 2612 कट्टा-बोरा धान जब्त किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
गोदामों और नाकों पर छापेमारी
नगरी तहसील के ग्राम सांकरा में व्यापारी शोभानाथ गोस्वामी के गोदाम से आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर 150 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं, सिंगपुर में चैतराम साहू के प्रकरण में 32 कट्टा धान की जब्ती की गई।
नगरी में खेमचंद/केवलचंद फर्म के गोदाम की जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेज रखे गए 1178 कट्टा धान पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा बनरौद नाका में 300 बोरी धान जब्त कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।











