
कोरबा। मिनीमाता हसदेव-बांगो बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए जलाशय से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जा रही है। 17 अगस्त की स्थिति के अनुसार जलाशय का जलस्तर 358.70 मीटर, यानी करीब 94.24 प्रतिशत पहुंच गया है। पिछले 10 घंटे में जलस्तर में लगभग 7 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।वर्तमान में बांध के 9 गेट खुले हैं और करीब 41 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय में पानी की आवक को देखते हुए सुबह करीब 10 बजे से डिस्चार्ज में 8,828 क्यूसेक की और वृद्धि किए जाने की जानकारी है। इसके बाद बांध से कुल करीब 49,828 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा।बताया गया है कि बांध से पानी छोड़ने की प्रक्रिया 16 अगस्त की सुबह 8:45 बजे से लगातार जारी है। वहीं, क्षेत्र में बारिश का दौर भी जारी है। बीती रात करीब 9 बजे से लगभग दो घंटे तक तेज बारिश हुई, जबकि सुबह भी तेज बारिश होने से जलाशय में पानी की आवक बढ़ने की संभावना बनी हुई है।निचले इलाकों में बढ़ी चिंता बांध से पानी का डिस्चार्ज बढ़ाए जाने के बाद हसदेव नदी और आसपास के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। बारिश और बांध से लगातार पानी छोड़े जाने को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।







