दुर्ग के जांगिरी गांव स्थित ‘विट्ठल ग्रीन्स’ प्रोजेक्ट पर ईडी ने चस्पा किया आदेश, बघेल डेवलपर्स के जरिए विकसित की गई थी परियोजना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की रियल एस्टेट परियोजना को अपने कब्जे में लिया है।
दुर्ग में ईडी ने की कार्रवाई
केंद्रीय जांच एजेंसी के रायपुर जोनल कार्यालय की टीम ने दुर्ग जिले के जांगिरी गांव में स्थित ‘विट्ठल ग्रीन्स’ प्रोजेक्ट पर यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने परियोजना स्थल पर साइनबोर्ड लगाया और कार्रवाई से संबंधित आदेश की प्रति भी चस्पा की।
बघेल डेवलपर्स के जरिए विकसित हुआ प्रोजेक्ट
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, उक्त रियल एस्टेट परियोजना को चैतन्य बघेल ने अपनी प्रोपराइटरशिप कंपनी ‘बघेल डेवलपर्स’ के माध्यम से विकसित किया था। कथित करोड़ों रुपये के शराब घोटाले से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में एजेंसी ने इस परियोजना को अपने कब्जे में लिया है।
शराब घोटाले की जांच से जुड़ी कार्रवाई
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले से संबंधित जांच के तहत की गई है। ईडी इस मामले में वित्तीय लेनदेन और उससे जुड़ी संपत्तियों की जांच कर रही है।











