बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने बीजापुर जिले की कार्रेगुट्टा पहाड़ी से 711 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर बरामद किए हैं। इसे नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। हथियारों की बरामदगी के बाद सुरक्षाबलों ने संबंधित इलाके को घेरकर सील कर दिया है और वहां आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।
तड़ापाला फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस के पास छिपाए गए थे हथियार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बरामद हथियार तड़ापाला स्थित फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों के बड़े नेताओं ने इन हथियारों को पहाड़ी इलाके में छिपाकर रखा था। सुरक्षा के मद्देनजर जवानों ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
बीजापुर पुलिस, CRPF और कोबरा बटालियन का संयुक्त ऑपरेशन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों को पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी कि कार्रेगुट्टा पहाड़ी के तड़ापाला के पास नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना मिलते ही बीजापुर पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी अभियान के दौरान जवानों को यह बड़ी बरामदगी मिली।
नक्सलियों के संभावित ठिकानों पर लगातार सर्चिंग
छत्तीसगढ़ में नक्सल संगठन के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है। शीर्ष नक्सली नेताओं के मारे जाने और कई कैडरों के आत्मसमर्पण के बाद भी सुरक्षाबल संभावित ठिकानों की तलाश में जुटे हैं। जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर उन स्थानों की भी जांच की जा रही है, जहां नक्सलियों द्वारा हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखे जाने की आशंका है।











