Tamnar Police POCSO Case : रायगढ़(Raigarh News) जिले में महिला एवं बाल उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत तमनार पुलिस ने एक गुम नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
शादी का झांसा देकर ओडिशा ले जाने का आरोप
Tamnar Police POCSO Case : पुलिस के अनुसार आरोपी बालिका को शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ओडिशा ले जा रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ा और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
30 सितंबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
Tamnar Police POCSO Case : जानकारी के अनुसार 30 सितंबर 2026 को थाना तमनार में एक महिला ने अपनी 14 वर्षीय बेटी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत धारा 137(2) BNS में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मोबाइल और सोशल मीडिया की पड़ताल से मिला सुराग
Tamnar Police POCSO Case : मामले की गंभीरता देखते हुए थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने तुरंत पुलिस टीम सक्रिय की। पुलिस ने बालिका के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और उसकी सहेलियों से पूछताछ कर अहम जानकारी जुटाई, जिसमें पता चला कि गांव में नल-जल योजना में मजदूरी करने वाले नशरूल आलम से बालिका की बातचीत होती थी। पुलिस ने आरोपी का नंबर हासिल कर संपर्क किया, लेकिन वह गोलमोल जवाब देता रहा।
ट्रेन की आवाज से मिला सुराग, टाटानगर तक पीछा
Tamnar Police POCSO Case : बातचीत के दौरान पुलिस को फोन पर ट्रेन की आवाज सुनाई दी, जिससे अंदेशा हुआ कि आरोपी ट्रेन से ओडिशा जा रहा है। थाना प्रभारी तुरंत टीम के साथ रवाना हुए और सड़क मार्ग से टाटानगर पहुंचे। वहां पता चला कि आरोपी और बालिका कुछ समय पहले ही निकल चुके हैं। तलाश जारी रखने पर रास्ते में दोनों दिख गए। सादी वर्दी में मौजूद टीआई को देखकर आरोपी नशरूल आलम भांप गया कि पुलिस है और भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने काफी दूर तक दौड़ाकर पकड़ लिया और सुरक्षित थाने लाया।
कथन और मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंपी बालिका
Tamnar Police POCSO Case : पुलिस ने बालिका का कथन दर्ज किया, जिसमें उसने गांव में काम करने आए नशरूल से परिचय होना और शादी के प्रलोभन में आने की बात बताई। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में धारा 87, 65(1) BNS और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 जोड़ी गई।
आरोपी बिहार का निवासी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
Tamnar Police POCSO Case : पुलिस ने आरोपी नशरूल आलम पिता मोहम्मद जाकिर, उम्र 22 वर्ष, निवासी मोहम्मदपुर स्कूलटोला, थाना किशनगंज, जिला किशनगंज (बिहार) को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी की सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।






