राजस्थान ATS, पुलिस और गुरदासपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; ISI की भूमिका को लेकर भी जांच एजेंसियों को संदेह
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर रेलवे ट्रैक पर धमाके की वारदात को अंजाम दिया था।
गुरदासपुर से पकड़े गए दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के गुरदासपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। राजस्थान ATS, राजस्थान पुलिस और गुरदासपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए राजस्थान लाया गया है।
पाकिस्तानी हैंडलर और ISI की भूमिका की जांच
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में दोनों आरोपियों के पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के संपर्क में होने की बात सामने आई है। वहीं, जांच एजेंसियों को इस साजिश में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की भूमिका होने का भी संदेह है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर धमाके के पीछे की पूरी साजिश और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।











