छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव लगातार बना हुआ है। बीते दिन राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। हालांकि, बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। रायपुर में भी बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
20 और 21 नवंबर को बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दक्षिण, उत्तर और मध्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। वहीं, 22 से 25 नवंबर तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं।
धान की फसल को नुकसान की आशंका से किसान चिंतित
प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन कई जिलों में किसान अभी भी धान की कटाई में जुटे हैं। ऐसे समय में हो रही बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी और कटाई के बाद रखी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों को चिंता है कि बारिश से उनकी मेहनत और उपज प्रभावित हो सकती है।
फसल नुकसान का सर्वे कराएगी सरकार
बेमौसम बारिश से संभावित नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सीएम ने सभी जिला कलेक्टरों को फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
सर्वे के आधार पर मिलेगी आर्थिक सहायता
सरकारी निर्देशों के मुताबिक, सर्वे में फसल नुकसान की पुष्टि होने पर प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा फसल बीमा योजना के पात्र किसानों को बीमा क्लेम दिलाने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।











