घर के बरामदे में बिक्री के लिए छिपाकर रखी थी शराब, पूंजीपथरा पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत की कार्रवाई
रायगढ़, 18 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम तराईमाल के धनवारपारा में दबिश देकर 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 3 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तराईमाल धनवारपारा निवासी राजकुमार केरकेट्टा अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से अवैध महुआ शराब छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
घर के बरामदे से मिली 30 लीटर शराब
निर्देश पर पुलिस टीम गवाहों के साथ आरोपी के घर पहुंची और विधिवत तलाशी ली। इस दौरान मौके पर मौजूद राजकुमार केरकेट्टा ने पूछताछ में शराब रखना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके घर के बरामदे में छिपाकर रखी गई 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद कर जब्त कर ली।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार केरकेट्टा (26 वर्ष), पिता भीमसाय, निवासी तराईमाल, थाना पूंजीपथरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59-क आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।











