संतोष अग्रवाल के गोदाम से 900 और विकास अग्रवाल के गोदाम से 65 कट्टा धान बरामद, एसडीएम सहित संयुक्त टीम ने दी दबिश
लैलूंगा/झगरपुर। धान खरीदी सीजन के बीच अवैध भंडारण की आशंका को लेकर प्रशासन ने झगरपुर में बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच टीम ने दो गोदामों और एक पिकअप वाहन से कुल 1,005 कट्टा धान जब्त किया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में धान कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त
जानकारी के अनुसार, एसडीएम, खाद्य निरीक्षक और नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने झगरपुर स्थित गोदामों में दबिश दी। जांच के दौरान संतोष अग्रवाल के गोदाम से 900 कट्टा धान बरामद हुआ। वहीं, विकास अग्रवाल के गोदाम से 65 कट्टा धान मिला। टीम ने दोनों स्थानों से मिले धान को जब्त कर लिया।
पिकअप वाहन से भी मिला 40 कट्टा धान
कार्रवाई के दौरान मौके पर खड़े एक पिकअप वाहन की जांच की गई। वाहन में 40 कट्टा धान लोड मिला, जिसे प्रशासनिक टीम ने जब्त कर लिया। इस तरह पूरी कार्रवाई में कुल 1,005 कट्टा धान जब्त किया गया है।
धान के स्रोत और दस्तावेजों की जांच पर नजर
कार्रवाई के बाद अब जब्त धान के स्रोत, भंडारण से संबंधित दस्तावेजों और वैध अनुमति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासनिक जांच में इन पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल संबंधित गोदामों और वाहन से धान जब्ती की कार्रवाई की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।











