ऋषिकेश। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल हैं। दुर्घटना के समय बस में करीब 30 से 35 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी बस
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के समीप बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
20 घायलों को निकाला गया, 19 एम्स ऋषिकेश भेजे गए
एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, हादसे के बाद अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई थी। एक घायल ने एम्स ऋषिकेश पहुंचने के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या नौ बताई गई है।
एसएसपी के मुताबिक, घटनास्थल से चार शव बरामद किए जा चुके हैं और खाई में गिरे अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी तैनात
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। दुर्गम स्थान पर बस गिरने के कारण रेस्क्यू अभियान में चुनौती आ रही है।
घायलों की जारी सूची
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई घायलों की सूची में शामिल नाम इस प्रकार हैं—
- मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका, झारखंड।
- राहुल कुमार (24), निवासी पटना, बिहार।
- अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
- प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
- अर्जुन सौरन (34), निवासी दुमका, झारखंड।
- बुधन मुर्मू (50), निवासी दुमका, झारखंड।
- आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
- नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
- राजकुमार (32), निवासी दुमका, झारखंड।
- जतिन (21), निवासी शाहदरा, दिल्ली।
- पंकज नेगी (31), निवासी रुद्रप्रयाग।
- संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
- वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग, चमोली।











